युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जयंती पर लीला इंटरनेशनल स्कूल मड़वास में अद्वितीय आयोजन,
बीरबलभूमि समाचार मड़वास। लीला इंटरनेशनल स्कूल, मड़वास में युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम को अत्यंत अद्वितीय, प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय रूप में मनाया गया। विद्यालय परिसर में अनुशासन, आत्मबल और राष्ट्रभक्ति का विशेष वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा भाषण, कविता, नाट्य प्रस्तुति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्वामी विवेकानंद के विचारों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत” जैसे ओजस्वी विचारों ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार किया। विद्यालय के डायरेक्टर श्री पीयूष दर्शन ने अपने उद्बोधन में कहा कि युवा ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति हैं और स्वामी विवेकानंद का जीवन हर छात्र के लिए मार्गदर्शक है। कार्यक्रम को सफल बनाने में कल्चरल एक्टिविटी इंचार्ज श्री विक्रम सिंह, शुभम यादव एवं विनोद मिश्रा का विशेष योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रस्तुतियाँ दीं शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों—चरित्र निर्माण, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा—को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने उनके विचारों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया।अभिभावकों एवं उपस्थित जनसमुदाय ने कार्यक्रम की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।
