ब्रेन डिस्कवरी ग्लोबल स्कूल में संस्थापक दिवस पर निःशुल्क स्वास्थ्य एवं दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन,

“स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है, और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव स्वस्थ शरीर और जागरूक मन से ही रखी जाती है।”
बीरबलभूमि समाचार जबलपुर। सैंक्चुअरी एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित ब्रेन डिस्कवरी ग्लोबल स्कूल ने अपनी स्थापना के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संस्थापक दिवस को सेवा और जागरूकता के संदेश के साथ मनाया। इस अवसर पर विद्यालय के निर्देशक डॉ. संदेश कुमार जैन एवं विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती नम्रता कुंदनानी के नेतृत्व में विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य एवं दंत चिकित्सा जांच शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। जबलपुर के सुप्रसिद्ध पर्ल मल्टी स्पेशलिस्ट डेंटल क्लिनिक के अनुभवी दंत चिकित्सक डॉ. निश्कर्ष जायसवाल एवं डॉ. प्रज्ञा जायसवाल ने बच्चों की दंत जांच की तथा उन्हें दांतों की नियमित सफाई, सही खानपान और मौखिक स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। साथ ही सभी बच्चों को निःशुल्क टूथपेस्ट एवं टूथब्रश वितरित किए गए। वहीं यादव पॉलीक्लिनिक के जनरल फिजीशियन डॉ. मृदुल यादव ने बच्चों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें निःशुल्क विटामिन, आयरन एवं मिनरल टॉनिक के साथ आवश्यक दवाइयाँ प्रदान कीं। उन्होंने बच्चों एवं अभिभावकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित भी किया। पूरा कार्यक्रम विद्यालय की प्राचार्या एवं ब्रेन डिस्कवरी ग्लोबल स्कूल की टीम की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि आगे भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी समाज को लाभ मिल सके।
