पूर्व मंत्री को NSUI के प्रदेश सचिव ने ‘एक पेड़–भविष्य के नाम’ अंतर्गत वृक्ष देखकर की अभियान की शुरुआत,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) मध्यप्रदेश द्वारा प्रदेशव्यापी पर्यावरण संरक्षण अभियान “एक पेड़–भविष्य के नाम” (01 जनवरी से 15 जनवरी 2026) के अंतर्गत आज पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल को अभियान के उद्देश्य, स्वरूप एवं कार्ययोजना से अवगत कराया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक स्वरूप आम का पौधा भेंट किया गया तथा अरुण संदेश भी भेंट स्वरूप प्रदान किया गया। पूर्व मंत्री ने छात्र सहभागिता आधारित इस अभियान की सराहना करते हुए इसे भावी पीढ़ियों के लिए अत्यंत आवश्यक पहल बताया और सकारात्मक मार्गदर्शन प्रदान किया। NSUI मध्यप्रदेश का यह अभियान केवल औपचारिक वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण, देखरेख एवं सतत निगरानी पर केंद्रित है। अभियान के माध्यम से छात्रों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर NSUI मध्यप्रदेश के प्रदेश सचिव एवं राज्य स्तरीय मॉनिटरिंग कमेटी के सदस्य विक्रांत सिंह परिहार ने बताया कि अभियान को प्रदेश के विभिन्न जिलों में संगठित रूप से क्रियान्वित किया जा रहा है। साथ ही अनूपपुर, उमरिया एवं अलीराजपुर जिलों में अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने हेतु स्थानीय इकाइयों और छात्रों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। NSUI का स्पष्ट संदेश है कि पेड़ लगाना कोई एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
