मुख्यमंत्री का बार-बार कार्यक्रम टालना लापरवाह और उद्देश्यों से भटकी सरकार की पहचान — यज्ञराज साहू,

बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिला कांग्रेस कमेटी कुचवाही के कार्यवाहक अध्यक्ष एवं कुबरी से जनपद सदस्य यज्ञराज साहू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री का बार-बार सीधी दौरा तय कर फिर उसे निरस्त करना सरकार की लापरवाही और दिशाहीनता को उजागर करता है। यज्ञराज साहू ने कहा कि “मोहन यादव जी को शायद खुद ही समझ में नहीं आ रहा कि वे सीधी आकर कहेंगे क्या? न तो कोई नई योजना है और न ही भविष्य का कोई ठोस विज़न। कांग्रेस की योजनाओं का नाम बदलकर ही सरकार चल रही है।” उन्होंने मुख्यमंत्री के चयन पर तंज कसते हुए कहा कि “जब कोई पर्ची से मुख्यमंत्री बन जाए तो ऐसा ही होता है। यदि इसी तरह किसी को विधायक या सांसद बना दिया जाए तो वह भी कन्फ्यूज हो जाता है कि करना क्या है, और फिर ऊल-जुलूल भाषण देने लगता है।” जनपद सदस्य साहू ने आगे कहा कि कार्यक्रमों की घोषणा, तैयारी और फिर अचानक निरस्तीकरण में जनता के खून-पसीने की कमाई खर्च होती है, यह पैसा मुख्यमंत्री के घर से नहीं जाता। बावजूद इसके प्रशासन भी चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि “ज्यादातर लोग आज भी विकास का चश्मा लगाए घूम रहे हैं, उन्हें न तो सच्चाई की जानकारी है और न ही चिंता।” यज्ञराज साहू ने तीखे शब्दों में कहा कि “यह बेहद शर्मनाक स्थिति है। अब तो लगता है कि सीधी की जनता को खुद ही कह देना चाहिए कि मोहन यादव जी अब मत आइए। हम इतना विकास लेकर रखें भी कहां? पहले कुछ दिन और जगह बना लीजिए, फिर कभी आइए—वो भी तब, जब चुनाव नजदीक हों।”
