गेहूं खरीदी, गैस किल्लत और बढ़ते बिजली बिलों के विरोध में कांग्रेस का विशाल धरना प्रदर्शन आज
कांग्रेस कार्यकर्ताओं, किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं नागरिकों से सहभागिता का आह्वान
आंदोलन आपके हक और अधिकारों की लड़ाई : ज्ञान
बीरबल भूमि समाचार सीधी।
जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आमजन से जुड़े प्रमुख मुद्दों को लेकर सीडब्ल्यूसी सदस्य पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल की अगुवाई एवं जिले के प्रभारी दिलीप मिश्रा की विशेष उपस्थिति में 6 अप्रैल को दोपहर 12 बजे सम्राट चौक स्थित पृथ्वीराज चौहान शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के प्रांगण में विशाल धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रदर्शन भारतीय जनता पार्टी की जनविरोधी नीतियों के विरोध में किया जाएगा, जिसमें जिले भर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
धरना-प्रदर्शन के माध्यम से गेहूं खरीदी में हो रही देरी, एलपीजी गैस की किल्लत, बढ़ते बिजली बिल, किसानों एवं आम उपभोक्ताओं की परेशानियों सहित अन्य जनहित के मुद्दों को प्रमुखता के साथ उठाया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने सभी कांग्रेस जनप्रतिनिधियों, प्रदेश पदाधिकारियों,वरिष्ठ नेताओं, पूर्व पदाधिकारियों, जिला, ब्लॉक, मंडलम एवं सेक्टर बूथ स्तर के पदाधिकारियों, सहयोगी संगठनों एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में धरना स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
उन्होंने जिले की आम जनता, किसान भाइयों, युवाओं, महिलाओं एवं सभी वर्गों के नागरिकों से भी आह्वान किया कि यह आंदोलन उनके हक और अधिकारों से जुड़ा हुआ है, इसलिए वे व्यक्तिगत रूप से शामिल होकर अपनी सहभागिता दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र से अधिक से अधिक लोगों को साथ लेकर आए, ताकि यह आंदोलन व्यापक जनसमर्थन के साथ सफल हो सके और सरकार तक जनता की आवाज मजबूती से पहुंचाई जा सके।
