ग्राम हस्तिनापुर में जन-चौपाल,रात्रि विश्राम कर ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू हुए कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह
सामूहिक भोज के साथ आत्मीय संवाद, बिजली बिल, खाद-बीज, मनरेगा व राजस्व समस्याओं पर भाजपा सरकार को घेरा
बीरबल भूमि समाचार सीधी।


विधानसभा क्षेत्र सीधी के ग्राम हस्तिनापुर में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने मंडलम अध्यक्ष अशोक नवैत के निवास पर आयोजित जन-चौपाल में सहभागिता करते हुए ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया और कार्यकर्ताओं के बीच रात्रि विश्राम एवं सामूहिक भोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही, जहां लोगों ने अपनी समस्याओं को खुलकर रखा और क्षेत्रीय विकास से जुड़े सुझाव भी साझा किए।
जन-चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने शिक्षा व्यवस्था में संसाधनों की कमी, स्वास्थ्य सुविधाओं की अनुपलब्धता, जर्जर एवं अधूरी सड़कों, पेयजल संकट और सिंचाई की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। किसानों ने बताया कि उन्हें समय पर खाद और बीज नहीं मिल पाता, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। साथ ही बिजली के बढ़ते बिलों ने आम उपभोक्ताओं और किसानों दोनों को आर्थिक रूप से परेशान कर दिया है।
इसके अतिरिक्त ग्रामीणों ने मनरेगा में श्रमिकों को पर्याप्त काम न मिलने, मशीनों के माध्यम से कार्य कराए जाने, राशन वितरण में अनियमितताओं, गांव में गौशाला की कमी तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी चिंताओं को भी सामने रखा। राजस्व प्रकरणों के लंबे समय तक लंबित रहने के कारण लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ रही है।
इस अवसर पर ज्ञान सिंह ने एक नई पहल करते हुए गांव में कार्यकर्ताओं के बीच रात्रि विश्राम एवं सामूहिक भोजन किया। उन्होंने कहा कि रात्रि विश्राम के माध्यम से ग्रामीणों के साथ अधिक समय बिताकर उनकी वास्तविक समस्याओं को समझने का अवसर मिलता है, जिससे जनप्रतिनिधि और आमजन के बीच आत्मीयता भी बढ़ती है।
अपने संबोधन में ज्ञान सिंह ने भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज प्रदेश की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। कानून व्यवस्था कमजोर होती जा रही है, मनरेगा में श्रमिकों को काम नहीं मिल रहा और मशीनों से काम कराए जा रहे हैं। राशन जैसी बुनियादी सुविधा भी सुचारू रूप से उपलब्ध नहीं हो पा रही है, वहीं गांवों में गौशालाओं की आवश्यकता होने के बावजूद इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि बिजली के अनाप-शनाप बिलों से आम आदमी त्रस्त है, किसान खाद और बीज के लिए भटक रहा है, और राजस्व प्रकरण महीनों तक लंबित पड़े रहते हैं। भाजपा सरकार सिर्फ कागजों और घोषणाओं में विकास दिखा रही है, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।
कार्यक्रम के अंत में ज्ञान सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिला स्तर पर अधिकारियों से समन्वय कर हर संभव समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र के विकास और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और आगे भी जनता के बीच इसी तरह पहुंचकर उनकी आवाज को मजबूती से उठाते रहेंगे।
