सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की अगुवाई में अकौरी (वैगान बस्ती) में जल गंगा संवर्धन अभियान, श्रमदान से दिया संदेश,

बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिले की जनपद रामपुर नैकिन के ग्राम अकौरी की वैगान बस्ती में “जल गंगा संवर्धन अभियान” का आयोजन सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की अगुवाई में किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों के साथ मिलकर श्रमदान करते हुए जल स्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश दिया गया। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने स्वयं श्रमदान में भाग लेते हुए ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किया। इस दौरान जल स्रोतों की साफ-सफाई कर उन्हें संरक्षित एवं पुनर्जीवित करने के लिए सामूहिक प्रयास किए गए। इस अवसर पर सांसद ने कहा कि “जल गंगा संवर्धन अभियान” जनभागीदारी आधारित पहल है, जिसका उद्देश्य जल स्रोतों को संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना है। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और इसके संरक्षण के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। उन्होंने ग्रामीणों से जल के समुचित उपयोग, वर्षा जल संचयन को अपनाने तथा जल स्रोतों की नियमित देखरेख करने की अपील की। सांसद ने यह भी कहा कि इस प्रकार के श्रमदान और जागरूकता कार्यक्रम न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक हैं, बल्कि समाज में सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने ग्रामवासियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रदीप शुक्ला, उपखंड अधिकारी चुरहट विकास आनंद सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर जल संरक्षण के इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
