जिला स्तरीय पुस्तक मेला प्रारंभ, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने किया उद्घाटन,

06 अप्रैल को भी जारी रहेगा मेला, विद्यार्थियों-अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सीधी में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय पुस्तक मेले का शुभारंभ 05 अप्रैल को सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी देव कुमार सिंह ने की। मेले में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही, जहां एक ही स्थान पर गणवेश, पुस्तकें, बैग, कॉपियां एवं अन्य स्टेशनरी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। यह मेला 06 अप्रैल को भी जारी रहेगा। उद्घाटन अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने पुस्तक मेले की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन शिक्षा के क्षेत्र में अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि एक ही स्थान पर सभी आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध होने से अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को सुविधा मिलती है तथा समय एवं संसाधनों की बचत होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री सुलभ कराने के साथ-साथ अध्ययन के प्रति प्रेरित भी करते हैं। सांसद ने आयोजन को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बताते हुए प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की सराहना की। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, एसडीएम चुरहट विकास आनंद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि पुस्तक मेले का आयोजन कलेक्टर विकास मिश्रा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। मेले के सफल संचालन में डीपीसी विनय मिश्रा, सहायक संचालक ओशो उत्सव, रमसा एपीसी डॉ. सुजीत मिश्रा, विष्णु पांडे, श्रीमती प्रवीण वर्मा, विजय सिंह चौहान सहित विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षकों का सहयोग प्राप्त हो रहा है। मेले में पहुंचे अभिभावकों ने इस पहल को उपयोगी बताते हुए कहा कि एक ही स्थान पर सभी शैक्षणिक सामग्री उचित दरों पर उपलब्ध होने से उन्हें सुविधा हो रही है और बच्चों की आवश्यकताएं सरलता से पूरी हो पा रही हैं। उल्लेखनीय है कि जिले के सभी विकासखंडों में भी इसी प्रकार के पुस्तक मेलों का आयोजन किया गया है, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थी एवं अभिभावक इसका लाभ प्राप्त कर सकें।
