युवक को हाथी ने कुचला,अस्पताल में जिंदगी से जूझ रहा जंग, मामला संजय टाईगर रिजर्व एरिया अंतर्गत कुंदौर का,

बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिले के आदिवासी बाहुल्य जनपद पंचायत कुशमी अंतर्गत संजय टाईगर रिजर्व एरिया के कुंदौर में ठंड से बचने लकड़ी बीनने गए एक युवक को जंगली हाथी ने कुचल कर घायल कर दिया। अब घायल युवक जिला चिकित्सालय में जिंदगी से जंग जूझ रहा है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक शिवपूजन सिंह पिता गणेश सिंह उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम कुंदौर बीते 2 जनवरी को दोपहर तकरीबन 12 बजे संजय टाईगर रिजर्व एरिया के वन परिक्षेत्र पोंडी कोर एरिया में ठंड से बचने सूखी लकड़ी बीनने गया था। इसी दरम्यान दिठोर नाला में एक जंगली हाथी से सामना हो गया और हाथी ने युवक को खदेड़ लिया। जिसके कारण जान बचाने युवक दौड़ लगा दिया लेकिन कुछ दूर जाकर युवक औंधे मुंह गिर गया तो पीछे से पहुंचे हाथी ने कमर, कूल्हे एवं पैर को कुचलते हुए युवक को मृत समझ कर आगे बढ़ गया। जबकि घायल युवक दर्द से कराहते हुए घसीट कर नजदीकी वाच टावर पर गया और वहां से मोबाइल फोन के द्वारा घटना की सूचना परिजनों को दी। घटना की सूचना मिलते ही बदहवास परिजन घायल के पास पहुंचे और घटना की सूचना संजय टाईगर रिजर्व के अधिकारियों को दी गई। सूचना उपरांत पहुंचे अधिकारियों द्वारा तत्काल घायल युवक को जिला चिकित्सालय ले जाकर भर्ती कराया गया है। जहां घायल युवक जिंदगी से जंग जूझ रहा है। परिजनों द्वारा बताया गया कि वन विभाग द्वारा निजी व्यय पर उपचार कराने एवं पूर्ण स्वस्थ हो जाने पर बिल बाउचर जमा कर उपचार में हुए खर्च का भुगतान करने की बात कही गई है। अकेले ही जंगल में विचरण करता है हाथी:- बताया गया कि तकरीबन 4 माह पूर्व दो हाथी सीधी शहडोल की सीमा बनास नदी को पार कर संजय टाईगर रिजर्व एरिया के जंगलों पहुंच कर ताण्डव मचाना शुरू कर दिए थे। ग्रामीणों की शिकायत पर वन अमले द्वारा एक हाथी को ट्रेंकुलाइज कर बांधवगढ़ ले जाया गया था। जबकि दूसरा हाथी संजय टाईगर रिजर्व एरिया में ही अकेले स्वच्छंद विचरण कर रहा है।
