सीधी जिले में भीषण ठंड को देखते हुए कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल अब 10 जनवरी तक बंद, कलेक्टर ने जारी किया आदेश,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिले में लगातार गिरते तापमान और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सीधी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य माध्यमिक शिक्षा मंडल से संबद्ध विद्यालयों में कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए 9 और 10 जनवरी 2026 को अवकाश घोषित किया गया है।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि जिले में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। इसी को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।
हालांकि आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि शिक्षकों को नियमानुसार अपनी शालाओं में उपस्थित रहकर शासकीय कार्य संपादित करना होगा। साथ ही परीक्षा, मूल्यांकन एवं अन्य महत्वपूर्ण शैक्षणिक गतिविधियां पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अनुसार संचालित रहेंगी।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। जिला प्रशासन के इस फैसले से अभिभावकों और विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली है। ठंड के इस दौर में बच्चों को स्कूल आने-जाने से होने वाली परेशानियों से बचाने के लिए प्रशासन का यह कदम सराहनीय माना जा रहा है।
