‘अभियान मुस्कान’ के तहत मड़वास पुलिस की बड़ी सफलता:09 घंटे के भीतर दस्तयाब हुई नाबालिग अपहृता,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। पुलिस मुख्यालय द्वारा गुमशुदा बच्चों की पतारसी हेतु चलाए जा रहे विशेष ‘अभियान मुस्कान’ के तहत सीधी पुलिस को एक महत्वपूर्ण कामयाबी हासिल हुई है। जिला पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी (IPS) के कुशल निर्देशन में थाना मड़वास पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक 14 वर्षीय नाबालिग बालिका को रिपोर्ट दर्ज होने के मात्र 09 घंटे के भीतर सुरक्षित दस्तयाब किया है। थाना मड़वास में एक फरियादी ने ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी नाबालिग पुत्री, जो गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थी, घर वापस नहीं लौटी। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की शंका पर पुलिस ने तत्काल अपराध धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
त्वरित कार्रवाई और बरामदगी: मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविन्द श्रीवास्तव एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कन्हैया सिंह बघेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। ‘अभियान मुस्कान’ की भावना के अनुरूप कार्य करते हुए, उपनिरीक्षक आर.बी. सिंह एवं टीम ने मुखबिर तंत्र और स्थानीय संसाधनों की मदद से सघन खोजबीन की। पुलिस की सक्रियता से बालिका को सकुशल ढूंढ निकाला गया। पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह मां की डांट से क्षुब्ध होकर बिना बताए अपनी सहेली के घर चली गई थी वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने के उपरांत किशोरी को सकुशल परिजनों को सौंप दिया गया है।

