बजरंग दल ने प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को गांधी चौक में प्रदर्शन करते हुए
विभिन्न मुद्दों को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम विभाग संयोजक शैलेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम के दौरान शेखर भारती ने ज्ञापन का वाचन किया। ज्ञापन में देश में बढ़ती आपराधिक और समाज विरोधी गतिविधियों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से कठोर कार्रवाई की मांग की गई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि ऐसी घटनाएं सामाजिक सद्भाव और आंतरिक सुरक्षा के लिए चुनौती बन रही हैं। ज्ञापन में मुख्य रूप से तथाकथित “लव जिहाद”, महिलाओं के शोषण, अवैध कब्जों तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों के मामलों पर सख्त कदम उठाने की मांग की गई। साथ ही सार्वजनिक एवं सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने, जबरन धर्मांतरण पर रोक लगाने और जनजातीय क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की बात भी रखी गई। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से अपील की कि ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कई सदस्य व पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी प्रचार-प्रसार प्रमुख धीरेश मिश्र द्वारा दी गई।
