स्कूल पहुंचे कलेक्टर शैक्षणिक स्तर का किया अवलोकन,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। विकास मिश्रा ने प्राथमिक शाला करही का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके शैक्षिक स्तर का परीक्षण करते हुए पढ़ाई से संबंधित प्रश्न पूछे। कलेक्टर ने बच्चों की समझ, पढ़ने-लिखने की क्षमता और विषयों पर पकड़ का आंकलन किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें और उनकी बुनियादी समझ को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा ही बच्चों के भविष्य की नींव होती है, इसलिए शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे प्रत्येक छात्र पर व्यक्तिगत ध्यान दें और उनकी सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी प्रयास करें। निरीक्षण के दौरान स्कूल की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

