अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती, रेत से भरा वाहन जब्त, मुरूम उत्खनन पर प्रकरण दर्ज,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई तेज कर दी है। जिला प्रशासन के निर्देशन एवं जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में खनिज विभाग द्वारा अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 अप्रैल 2026 को जांच के दौरान तहसील गोपदबनास के ग्राम पनवार में खनिज रेत का अवैध परिवहन करते हुए एक हाइवा वाहन (क्रमांक MP53HA1482) को जब्त किया गया। वाहन को सुरक्षार्थ थाना जमोड़ी में रखा गया है। संबंधित वाहन चालक एवं स्वामी के खिलाफ म.प्र. खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं, ग्राम कुकड़ीझर में निजी भूमि पर मुरूम के अवैध उत्खनन की शिकायत पर जांच की गई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर मेसर्स एनएसटी इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट्स एलएलपी (प्रो. श्रीमती प्रीति एवं श्रीमती श्रुति अग्रवाल, रोहिणी, दिल्ली) के विरुद्ध भी मामला दर्ज किया गया है। बताया गया कि अवैध रूप से निकाली गई मुरूम का उपयोग समीप निर्माणाधीन सड़क में किया जा रहा था। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी प्रकरण कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे, ताकि आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
