गोरियरा डैम बनेगा आकर्षक पर्यटन केंद्रः 1.84 करोड़ से कैफेटेरिया, व्यूइंग डेक व पाथ-वे का होगा निर्माण,
“नियत अच्छी हो तो नीतियां भी जनहितकारी बनती हैं” – विधायक रीती पाठक,
बीरबलभूमिसमाचार सीधी। जिले के गोरियरा डैम परिसर को पर्यटन के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा 1 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों की गरिमामय उपस्थिति रही। परियोजना के अंतर्गत डैम परिसर में आधुनिक कैफेटेरिया, किचन, आकर्षक व्यूइंग डेक, सुगम पाथ-वे सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र को एक सुव्यवस्थित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकेगा। विधायक श्रीमती रीती पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए गांव-गांव और घर-घर तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब सरकार की नीयत साफ और जनहित में होती है, तो नीतियां भी प्रभावी और परिणामकारी बनती हैं, जिसका लाभ सीधे आमजन को मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर प्रभावी रूप से लागू कर प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। आज विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीब, मजदूर, किसान, महिलाएं और युवाओं को सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है। विधायक ने पर्यटन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विकास एक सतत प्रक्रिया है और इसमें पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका है। गोरियरा डैम जैसे प्राकृतिक स्थलों में अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें विकसित कर क्षेत्र को नई पहचान दी जा सकती है। इस परियोजना के पूर्ण होने पर यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे स्थानीय स्तर पर व्यापार, स्वरोजगार और आय के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम है। छोटे दुकानदारों, हस्तशिल्पकारों, युवाओं और सेवा क्षेत्र से जुड़े लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। विधायक ने जिले के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग और पर्यटन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से सीधी जिला विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
“पर्यटन विकास से मजबूत होगी स्थानीय अर्थव्यवस्था” – जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह
जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह ने कहा कि गोरियरा डैम परिसर में होने वाले ये विकास कार्य क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। कार्यक्रम में जनपद सदस्य नीतू सिंह, केडी साकेत, सरपंच सोनिया रावत, एसडीएम राकेश शुक्ला, विश्वबंधु धर द्विवेदी, पंकज पाण्डेय, पुष्पराज सिंह एवं कार्यपालन यंत्री अमित कुमार तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

