आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर भारतीय मजदूर संघ का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। भारतीय मजदूर संघ के तत्वावधान में मंगलवार को जिले के आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इससे पहले कर्मचारियों द्वारा एक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपनी जायज मांगों को प्रमुखता से उठाया। सभा को संबोधित करते हुए अल्ट्राटेक सीमेंट के अध्यक्ष वीरभान सिंह ने नए श्रम कानूनों में संशोधन, श्रमिक सुरक्षा, समान कार्य के लिए समान वेतन और सेवा शर्तों में सुधार जैसे मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ लंबे समय से हो रही वेतन विसंगतियों और असमानता को दूर करना आवश्यक है।कार्यक्रम के दौरान हाल ही में दिवंगत भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश कोषाध्यक्ष उमेश शर्मा को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात कर्मचारियों ने रैली निकालते हुए कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में कर्मचारियों ने समय पर वेतन भुगतान, ईएसआई और पीएफ जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं की सुनिश्चितता, तथा सेवा शर्तों में सुधार की प्रमुख मांगें रखीं। भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री दीप नारायण द्विवेदी द्वारा ज्ञापन का वाचन किया गया, जिसमें कर्मचारियों की समस्याओं को विस्तारपूर्वक शासन के समक्ष रखा गया। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कर्मचारियों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस पर कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए शासन स्तर पर प्रेषित किया जाएगा और समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर जिला मंत्री दीप नारायण द्विवेदी, अध्यक्ष वीरभान सिंह, उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, विकास नारायण तिवारी, कोषाध्यक्ष पवन मिश्रा, पुष्पेंद्र मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी उपस्थित रहे।

