आमजन को राहतः जनसुनवाई में मौके पर समाधान, स्वास्थ्य परीक्षण और आधार अपडेशन की सुविधा,

बीरबलभूमि समाचार सीधी। कलेक्टर श्री विकास मिश्रा द्वारा जनसुनवाई को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुख बनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में उन्होंने स्वयं उपस्थित होकर लगभग 480 नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। जनसुनवाई को सरल एवं सुलभ बनाने के लिए आवेदकों को आवेदन लिखने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिसमें विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरा लीगल वालेंटियर्स सहयोग कर रहे हैं। प्राप्त सभी आवेदनों को तत्काल जन आकांक्षा पोर्टल पर दर्ज कर पावती प्रदान की जा रही है, जिससे पारदर्शिता और ट्रैकिंग सुनिश्चित हो सके। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हितग्राही मूलक योजनाओं से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर मौके पर ही निराकरण किया जाए तथा आवेदकों को समय पर कार्रवाई की जानकारी दी जाए। आवेदन अमान्य होने की स्थिति में स्पष्ट कारण बताने के भी निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया गया, वहीं आधार अपडेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिससे आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं का लाभ मिला। कलेक्टर ने बताया कि आगे भी क्लस्टर स्तर पर शिविर आयोजित कर प्रशासनिक सेवाओं के साथ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को भी लाभ मिल सके। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
