मड़वास सड़क दुर्घटनाः कलेक्टर ने घायलों से की मुलाकात, बेहतर उपचार के दिए निर्देश,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। मड़वास क्षेत्र में हुई दुखद सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए। घायलों में से 2 व्यक्तियों की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें रीवा रेफर किया गया है, वहीं 14 घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय सीधी में जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी घायलों को बेहतर एवं त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आवश्यक दवाइयों, चिकित्सकीय संसाधनों और विशेषज्ञ सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने गंभीर घायलों की विशेष निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल उच्च स्तरीय उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उपखंड अधिकारी गोपद बनास श्री राकेश शुक्ला, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बबीता खरे एवं सिविल सर्जन डॉ. एस.बी. खरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा घटना को लेकर संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई है।
