जमोड़ी पुलिस की त्वरित एवं सराहनीय कार्यवाही: ‘अभियान मुस्कान’ के तहत दिल्ली से नाबालिग बालक दस्तयाब, महज 50 घंटे के भीतर मिली सफलता,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। पुलिस मुख्यालय द्वारा गुमशुदा बच्चों की बरामदगी हेतु चलाये जा रहे ‘अभियान मुस्कान’ के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में जमोड़ी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है। पुलिस ने कायमी होने के मात्र 50 घंटे के भीतर दिल्ली से एक नाबालिग बालक को सुरक्षित दस्तयाब करने में सफलता प्राप्त की है।
क्रिकेट का शौक ले गया दिल्ली: थाना जमोड़ी क्षेत्र से एक नाबालिग बालक के लापता होने की रिपोर्ट दिनांक 19 अप्रैल 2026 को दर्ज कराई गई थी। जाँच के दौरान यह रोचक तथ्य सामने आया कि बालक क्रिकेट खेलने और देखने का अत्यधिक शौकीन है। इसी शौक और क्रिकेट के प्रति अपने जुनून के कारण वह परिजनों को बिना बताए दिल्ली चला गया था, ताकि वहां बड़े स्तर पर क्रिकेट देख और खेल सके।
सटीक योजना और दस्तयाबी: थाना प्रभारी जमोड़ी उनि. दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में गठित टीम ने दिल्ली पहुँचकर स्थानीय सूत्रों और तकनीकी इनपुट के आधार पर बालक को ढूंढ निकाला। कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत बालक को सुरक्षित वापस सीधी लाया गया है, जहाँ उसे उसके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। बालक की इतनी जल्दी बरामदगी पर परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
पुलिस टीम की विशेष भूमिका: सीधी से दिल्ली तक के इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में उनि. दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सउनि. आर डी साकेत, प्रधान आरक्षक राजपति एवं आरक्षक गोलू की विशेष एवं सक्रिय भूमिका रही।

