अघोषित बस स्टैण्ड एवं अतिक्रमण हटाने एसडीएम ने लिखा पत्र,
तहसीलदार, सीएमओ एवं थाना प्रभारी को मिला तीन दिन का समय,

कांग्रेस महामंत्री के पत्र पर कार्यवाही के लिए टीम गठित,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कमलेश्वर सिंह के द्वारा गत दिनों चुरहट नेहरू तिराहे में अघोषित बस स्टैण्ड एवं अतिक्रमण को लेकर एसडीएम को सौंपे गए पत्र को लेकर एसडीएम ने बड़ा एक्शन लिया है। लंबे समय से नेहरू तिराहे पर जाम लगने की स्थिति को लेकर कांग्रेस महामंत्री कमलेश्वर सिंह ने एसडीएम चुरहट विकास कुमार आनंद को पत्र लिखकर समुचित कार्यवाही की मांग उठाई थी, जिसके फलस्वरूप एसडीएम ने तहसीलदार चुरहट, सीएमओ नगर परिषद एवं थाना प्रभारी को पत्र लिखकर कार्यवाही का निर्देश दिया है। उल्लेखनीय हैं कि चुरहट में करोड़ों रुपए की लागत से तैयार इंदिरा गांधी बस स्टैंड प्रशासनिक अनदेखी के चलते संचालित नही पा रहा है। बता दें कि इस संबंध में गत शुक्रवार को महामंत्री जिला कांग्रेस कमलेश्वर सिंह ने एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर बस स्टैण्ड को नियमित रूप से संचालित करने एवं नेहरू तिराहे में अघोषित स्टैण्ड पर अंकुश लगाने की मांग उठाई थी। महामंत्री कमलेश्वर सिंह ने एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में यह उल्लेख किया है कि करीब 40 वर्ष पूर्व तात्कालीन मुख्यमंत्री, केन्द्रीय मंत्री स्वर्गीय कुँवर अर्जुन सिंह के द्वारा चुरहट में आधुनिक बस स्टैण्ड का निर्माण कराकर आम जनो को सुविधा की दृष्टि से सौंपे थे। जिसका नामकरण स्वर्गीय इंदिरा गांधी के नाम से किया गया था। जो आज खण्डहर के रुप में तब्दील हो रहा है। जबकि सम्पूर्ण सुविधा व्यवस्था दुकान सुलभ काम्प्लेक्स एवं बसों के खड़े होने की पूर्ण व्यवस्था है। उन्होंने यह भी कहा कि नेहरु तिराहा स्थित पुराने बस स्टैण्ड मे वाहन बस ऑटो के खड़े होने से आए दिन जाम की स्थिति उत्त्पन्न होती है, जिस कारण से आम जनों को काफी परेशानी होती है। दरअसल जिम्मेदारों द्वारा कभी गंभीरता के साथ न्यू बस स्टैंड को संचालित कराने की आवश्यकता नहीं समझी गई। लिहाजा बाजार क्षेत्र के व्यवसायियों के हितों को देखते हुए अघोषित रूप से बस स्टैंड का संचालन नेहरू तिराहा में ही हो रहा है। बस स्टैंड में दर्जनों छोटी एवं बड़ी दुकानें बनी हुई हैं। साथ ही यात्रियों के लिए व्यवस्थित प्रतीक्षालय की सुविधा भी मौजूद है। यहां पेय जल समेत प्रसाधन की व्यवस्था भी बनाई गई है। फिर भी न्यू बस स्टैंड के आरंभ को लेकर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।बस स्टैंड परिसर आवारा पशुओं का पूरी तरह से अड्डा बना हुआ है।
यह है एसडीएम का पत्र
एसडीएम चुरहट विकास कुमार आनंद ने पत्र लिखकर चुरहट तहसीलदार, सीएमओ नगर परिषद एवं थाना प्रभारी को निर्देशित किया है कि चुरहट नेहरू तिराहा पुराने बस स्टैण्ड में बस ऑटो ठेला के द्वारा जाम लगने से यातायात व्यवस्था सुधारने एवं इंदिरा गांधी नए बस स्टैण्ड को चालू कराए जाए।
महामंत्री कमलेश्वर सिंह का पत्र भी साथ में भेजा गया है।
एसडीएम ने यह भी निर्देश दिए हैं कि पत्र में वर्णित तथ्यों के संबंध में तत्काल जांचकर, आवश्यक कार्यवाही किया जाना सुनिश्चित करें, एवं की गई कार्यवाही के संबंध में पालन प्रतिवेदन इस कार्यालय को 03 दिवस में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। बता दें कि इस पत्र के सामने आने के बाद अतिक्रमण कारियों की सांसे फूलने लगी है।
