कलेक्टर के निर्देश-मैदानी स्तर पर बढ़ाएं संवेदनशीलता, योजनाओं का हो प्रभावी क्रियान्वयन,
समीक्षा बैठक में फील्ड विजिट, मॉनिटरिंग और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर दिया जोर,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा बहरी तहसील के भ्रमण के दौरान तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व प्रकरणों, नामांतरण, सीमांकन सहित अन्य लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा में प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए। इसके पश्चात खंड स्तरीय अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं का क्रियान्वयन केवल औपचारिकता न होकर संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं जनहित की भावना के साथ किया जाना चाहिए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आमजन से जुड़े मामलों में सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार अपनाते हुए प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि मैदानी स्तर पर कार्य करते समय आमजन की समस्याओं को समझना और उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए विभागीय समन्वय को मजबूत करने, नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा फील्ड विजिट बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर और परिणामकारी हो सके। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि शिकायतों के निराकरण में पूर्ण पारदर्शिता रखी जाए तथा प्रत्येक स्तर पर उत्तरदायित्व तय किया जाए। इससे प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक सुदृढ़ होगा। इस दौरान उपखंड अधिकारी सिहावल राजेश शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

