किसानों के लिए बड़ी राहत: मुआवजा चार गुना बढ़ाने पर भाजपा ने मनाया जश्न, मुख्यमंत्री का जताया आभार,

भाजपा ने मुख्यमंत्री का जताया आभार, मार्केट वैल्यू से ग्रामीण क्षेत्रों में भी मिलेगा चार गुना मुआवजा — देव कुमार,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण के बदले किसानों को मिलने वाले मुआवजे को चार गुना किए जाने के निर्णय पर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा द्वारा स्थानीय पार्टी कार्यालय में उत्साहपूर्वक जश्न मनाया गया। गाजे-बाजे और आतिशबाजी के बीच कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री के निर्णय को किसानों के हित में ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि अब ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को मार्केट वैल्यू की तुलना में चार गुना अधिक मुआवजा मिलेगा, जो उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि यह फैसला मुख्यमंत्री की किसान हितैषी सोच को दर्शाता है और “किसान वर्ष” को सार्थक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। किसान मोर्चा के प्रदेश आईटी प्रभारी प्रमोद द्विवेदी ने इस निर्णय को किसानों के लिए “मास्टर स्ट्रोक” बताते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और वे आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त होंगे। उन्होंने कहा कि जिले के किसान इस फैसले से बेहद खुश हैं और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जता रहे हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू रामजी सिंह, जिला उपाध्यक्ष विश्व बंधु धर द्विवेदी, शिवदान साकेत, मनीला सिंह चौहान, जिला महामंत्री अनिल पाण्डेय, सुधीर शुक्ला, डॉ. विक्रम सिंह चौहान, जिला मंत्री पूजा सिंह कुशराम, मीडिया प्रभारी सुरेंद्र मणि दुबे, सोशल मीडिया संभागीय सह प्रभारी जितेंद्र तिवारी, मोर्चा अध्यक्ष निशांत मिश्रा, पूनम सोनी, मंडल अध्यक्ष पंकज पाण्डेय सहित किसान मोर्चा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
