गौण खनिज पट्टों पर ‘स्टार रेटिंग’ प्रणाली लागू करने बहरी में बैठक आयोजित
,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। मध्यप्रदेश शासन, खनिज साधन विभाग के निर्देशों के पालन में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री विकास मिश्रा के निर्देशन में 23 अप्रैल 2026 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिहावल श्री राजेश शुक्ला की अध्यक्षता एवं खनिज अधिकारी श्री कपिल मुनि शुक्ला की उपस्थिति में गौण खनिज उत्खनन पट्टों पर ‘स्टार रेटिंग’ प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में बहरी उपखंड क्षेत्र के संचालित उत्खनन पट्टाधारक, उनके प्रतिनिधि तथा प्रभारी खनिज निरीक्षक श्री देवेन्द्र महोबे एवं खनिज निरीक्षक श्री रजत गौतम उपस्थित रहे। बैठक में खनिज अधिकारी द्वारा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से ‘स्टार रेटिंग’ प्रणाली एवं खनिज नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि खनन कार्यों का मूल्यांकन चार प्रमुख बिंदुओं-सुनियोजित खनन (25 प्रतिशत), पर्यावरण संरक्षण (30 प्रतिशत), श्रमिकों का स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कल्याण (10 प्रतिशत) तथा खनन संचालन एवं खनिज मूल्य संवर्धन (35 प्रतिशत) के आधार पर किया जाएगा। अनुविभागीय अधिकारी श्री शुक्ला ने निर्देश दिए कि सभी पट्टाधारक निर्धारित प्रारूप में आवश्यक जानकारी विभागीय पोर्टल पर समय-सीमा में अनिवार्य रूप से अपलोड करें, जिसका सत्यापन जिला स्तर पर किया जाएगा। साथ ही उन्होंने सीएसआर गतिविधियों के अंतर्गत खदान प्रभावित ग्रामों के विकास में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक के अंत में पट्टाधारकों द्वारा शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए ‘स्टार रेटिंग’ प्रणाली को सफलतापूर्वक लागू करने की सहमति व्यक्त की गई।
