अभियान मुस्कान के तहत बड़ी सफलता: मुंबई से लापता किशोरी सकुशल बरामद, परिजनों के चेहरे पर लौटी खुशी,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। गुमशुदा बच्चों की सुरक्षित वापसी के लिए चलाए जा रहे “अभियान मुस्कान” के तहत कोतवाली पुलिस ने एक और सराहनीय सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने मार्च माह से लापता एक नाबालिग किशोरी को महाराष्ट्र के मुंबई शहर से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया है। जानकारी के अनुसार 31 मार्च 2026 को पीड़ित परिजनों ने थाना कोतवाली में सूचना दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री घर से बिना बताए कहीं चली गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच और परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि किशोरी घर वालों की डांट से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल गई थी। तलाश के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र का सहारा लिया, जिसके आधार पर किशोरी के महाराष्ट्र के मुंबई में होने की जानकारी मिली। सूचना की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी के निर्देशन में किशोरी से संपर्क स्थापित किया गया। पुलिस टीम ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए किशोरी की काउंसलिंग की और उसे समझाकर सुरक्षित वापस सीधी आने के लिए तैयार किया। सीधी पहुंचने पर किशोरी से संबंधित सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूर्ण की गईं और उसे सुरक्षित रूप से उसके परिजनों को सौंप दिया गया। अपनी बेटी को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “अभियान मुस्कान” का उद्देश्य केवल गुमशुदा बच्चों को खोज निकालना ही नहीं, बल्कि उनकी समस्याओं को समझकर उन्हें सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण प्रदान करना भी है। सीधी पुलिस प्रत्येक गुमशुदा बच्चे की सुरक्षित वापसी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय, सहायक उप निरीक्षक सुनील पांडेय, प्रधान आरक्षक आनंद शर्मा सहित कोतवाली स्टाफ की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।
