कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नशे की लत के लिए वाहन चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, तीन बाइक बरामद,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। कोतवाली थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से चोरी की गई तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।।जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल 2026 को फरियादी रोहित गुप्ता और हुकुमलाल केवट ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 और 18 अप्रैल की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने उनकी तीन मोटरसाइकिलें—होंडा हॉरनेट, हीरो पैशन प्रो और हीरो एनएक्सजी—चुरा ली थीं। मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बैरीहा निवासी 21 वर्षीय अखिलेश विश्वकर्मा को संदिग्ध के रूप में चिन्हित कर हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन जब उसके सामने पुख्ता सबूत रखे गए तो वह टूट गया और अपराध स्वीकार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत व महंगे शौक पूरे करने के लिए पैसों की जरूरत के चलते उसने वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू किया। चोरी किए गए वाहनों को बेचकर वह नशा करता था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई तीनों मोटरसाइकिलें—होंडा हॉरनेट (एमपी53 एमसी 9621), हीरो पैशन प्रो (एमपी53 एमजे 3657) और हीरो एनएक्सजी (एमपी53 एमडी 3928)—बरामद कर ली हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की जांच की जा रही है और उनकी तलाश जारी है। इस कार्रवाई में निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय, उप निरीक्षक विवेक द्विवेदी, प्रधान आरक्षक रण बहादुर सिंह, प्रधान आरक्षक सूरज सिंह, प्रधान आरक्षक आनंद शर्मा, और आरक्षक अनुराग यादव की अहम भूमिका रही।

