रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोक हेतु जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित,

अवैध खनन पर “शून्य सहनशीलता” की नीति,
संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी, विभागीय समन्वय बढ़ाने के निर्देश,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला टास्क फोर्स की बैठक कलेक्टर श्री विकास मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी, वनमण्डलाधिकारी श्रीमती प्रीती अहिरवार एवं खनिज अधिकारी श्री कपिल मुनि शुक्ला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने निर्देश दिए कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर पूर्णतः रोक लगाने के लिए सघन एवं निरंतर अभियान चलाया जाए। उन्होंने संवेदनशील स्थलों की चिन्हांकन कर वहां नियमित निगरानी, रात्रिकालीन गश्त एवं चेकपोस्ट स्थापित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अंतर-जिला सीमाओं एवं प्रमुख मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व, पुलिस, खनिज एवं वन विभाग की टीमों द्वारा नियमित रूप से संयुक्त अभियान संचालित किए जाएं। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा जब्त वाहनों एवं सामग्री पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई की जाए तथा कार्रवाई की नियमित समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभागीय समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया। वनमण्डलाधिकारी श्रीमती प्रीती अहिरवार ने वन क्षेत्रों में विशेष निगरानी एवं गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि राजस्व, पुलिस, खनिज एवं वन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चलाकर अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन के विरुद्ध “शून्य सहनशीलता” की नीति अपनाई जाएगी। बैठक में खनिज अधिकारी द्वारा अब तक की कार्यवाही एवं प्रगति से अवगत कराया गया।
