नशा मुक्त जिले के लिए प्रशासन की पहल, दवा व खाद्य व्यापारियों को नियमों के पालन के निर्देश,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिले को नशा मुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा जिले के केमिस्ट एवं ड्रग्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों, दवा व्यापारियों एवं खाद्य व्यापारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान कलेक्टर ने सभी व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे नियमानुसार ही अपने व्यवसाय का संचालन करें तथा नशे के लिए उपयोग होने वाली किसी भी प्रकार की दवाइयों का क्रय-विक्रय न करें। उन्होंने सरल भाषा में नियमों की जानकारी देते हुए सभी को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने की समझाइश दी। कलेक्टर ने जिले को स्वास्थ्य के क्षेत्र में अग्रणी एवं नशा मुक्त बनाने के लिए व्यापारियों से सुझाव भी आमंत्रित किए। उन्होंने निर्देशित किया कि एक माह के भीतर सभी व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों में दवाइयों के क्रय-विक्रय एवं संधारण से संबंधित अभिलेखों को अद्यतन (अपग्रेड) करें तथा नियमानुसार उनका रख-रखाव सुनिश्चित करें। साथ ही एसोसिएशन के पदाधिकारियों को सभी व्यापारियों के साथ समन्वय स्थापित कर नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने औषधि निरीक्षक एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी व्यापारियों को नियमों की जानकारी सरल भाषा में, नवीन संशोधनों सहित उपलब्ध कराई जाए तथा उनके कड़ाई से पालन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छता एवं जनस्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए दवा एवं खाद्य व्यापार किया जाए, जिससे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था और मजबूत हो सके। साथ ही उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही। बैठक में औषधि निरीक्षक राधेश्याम वट्टी एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश लोधी भी उपस्थित रहे।

