गैस आपूर्ति को लेकर प्रशासन का स्पष्टीकरण, अफवाहों से दूर रहने की अपील,
व्हाट्स एप नंबर 8839677266 पर शिकायत कराएं दर्ज,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। कुछ समाचार पत्रों में जिले में गैस आपूर्ति में कठिनाइयों संबंधी समाचार प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जा रही है। पूर्व में भी कलेक्टर द्वारा गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं कि शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए तथा उपभोक्ताओं को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से गैस वितरण किया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता, कालाबाजारी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने बताया कि प्रताप गैस एजेंसी, सीधी के संबंध में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पूर्व में ही नोटिस जारी कर जांच की जा रही है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह के हालिया सीधी प्रवास के दौरान विवाह कार्यक्रमों के चलते बिना बुकिंग गैस लेने पहुंचे कुछ लोगों ने असामाजिक तत्वों के उकसावे में आकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया था। प्रशासन द्वारा तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया गया, समझाइश देकर मार्ग को सुचारु रूप से खुलवाया गया तथा जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग थी, उन्हें गैस का वितरण सुनिश्चित कराया गया। जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि निर्धारित नियमों का पालन करें। शहरी क्षेत्रों में 25 दिन एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के बाद ही गैस बुकिंग कराएं। बुकिंग के उपरांत गैस एजेंसी द्वारा डिलीवरी की सूचना SMS के माध्यम से दी जाती है, अतः सूचना प्राप्त होने पर ही गैस सिलेंडर प्राप्त करें। उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। उपभोक्ता व्हाट्सएप नंबर 8839677266 पर बुकिंग तिथि एवं उपभोक्ता नंबर के साथ अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि कुछ व्यक्तियों द्वारा युद्ध या अन्य अफवाहों के कारण अनावश्यक रूप से गैस का भंडारण किया जा रहा है तथा बिना बुकिंग गैस प्राप्त करने का दबाव बनाया जा रहा है। नागरिकों से अपील है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही गैस बुकिंग एवं प्राप्ति सुनिश्चित करें। प्रशासन ने दोहराया है कि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गैस आपूर्ति व्यवस्था में पारदर्शिता एवं जवाबदेही हर हाल में सुनिश्चित की जाएगी।
