कलेक्टर ने ‘संकल्प कोचिंग’ में विद्यार्थियों को दिया मार्गदर्शन, टाइम मैनेजमेंट और सकारात्मक सोच पर जोर,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने जिले में संचालित ‘संकल्प कोचिंग’ में पहुंचकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें सफलता के लिए आवश्यक महत्वपूर्ण टिप्स दिए। इस दौरान उन्होंने छात्रों को अनुशासन, निरंतर अभ्यास और सही रणनीति के साथ अध्ययन करने की सलाह दी। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को टाइम मैनेजमेंट का महत्व समझाते हुए कहा कि सीमित समय में अधिकतम तैयारी के लिए समय का सही विभाजन बेहद जरूरी है। उन्होंने अध्ययन, पुनरावृत्ति और टेस्ट प्रैक्टिस के लिए संतुलित समय तय करने पर बल दिया। उन्होंने छात्रों को सकारात्मक माइंडसेट बनाए रखने की सीख देते हुए कहा कि आत्मविश्वास और धैर्य ही सफलता की कुंजी हैं। कठिन परिस्थितियों में भी निराश न होकर लगातार प्रयास करते रहना चाहिए। कलेक्टर ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मैप (Map) के व्यवस्थित उपयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि भूगोल एवं समसामयिक घटनाओं को समझने के लिए मानचित्र का नियमित अभ्यास अत्यंत उपयोगी है, जिससे विषयों की बेहतर समझ विकसित होती है। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कलेक्टर से अपने प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सरल और व्यावहारिक तरीके से समाधान किया। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन करने एवं सफलता के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

