जन चौपाल: अब पुलिस खुद पहुँचेगी गांवों तक, 28 अप्रैल से शुरू होगा विशेष अभियान,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। आम जनता और पुलिस के बीच सीधा संवाद स्थापित करने तथा समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पुलिस सीधी द्वारा “जन चौपाल – आपकी पुलिस आपके द्वार” कार्यक्रम की शुरुआत की जा रही है। यह विशेष अभियान 28 अप्रैल 2026 (मंगलवार) से पूरे जिले में एक साथ लागू होगा।
पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन श्री गौरव राजपूत के निर्देशानुसार रीवा जोन के 6 जिलों के 77 थानों एवं 64 पुलिस चौकियों में यह कार्यक्रम प्रत्येक माह निर्धारित दिवस पर आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में सीधी जिले में डीआईजी श्री हेमंत चौहान के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के नेतृत्व में जन चौपाल का आयोजन किया जाएगा।
जिले के सभी 12 थानों एवं 7 पुलिस चौकी क्षेत्रों में 28 अप्रैल को शाम 4 बजे से 6 बजे तक एक साथ जन चौपाल आयोजित होंगे। इस दौरान पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी गांवों में पहुंचकर आम नागरिकों की समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे सुनेंगे तथा त्वरित निराकरण का प्रयास करेंगे।
इन स्थानों पर लगेगी जन चौपाल
कोतवाली (कुचवाही), जमोड़ी (गांधीग्राम), बाहरी (खुटेली), अमिलिया (बिठौली), कमर्जी (अदैपुर), चुरहट (पचोखर), सेमरिया (नौसा), रामपुर नैकिन (तितरा शुक्लान), मझौली (छवारी), मड़वास (चदोहीडोल), भुइमाड़ (देवरी) एवं कुसमी (गोतरा) में कार्यक्रम आयोजित होंगे।
इन मुद्दों पर रहेगा फोकस
कार्यक्रम के दौरान अवैध नशे के विरुद्ध कार्रवाई, महिला संबंधी अपराधों की सुनवाई, साइबर अपराधों से बचाव, स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान और अपराध रोकथाम के प्रति जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सीधी पुलिस की अपील
जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस जनहितकारी पहल में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपनी समस्याएं व सुझाव सीधे पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखें, ताकि उनका त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
“आपकी सुरक्षा – हमारा संकल्प”
