पिपराव पुलिस की बड़ी सफलता, ‘अभियान मुस्कान’ के तहत शादी का झांसा देकर अगवा करने वाला आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग सुरक्षित बरामद,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। गुमशुदा बालक-बालिकाओं की शीघ्र बरामदगी हेतु पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ‘अभियान मुस्कान’ के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट श्री रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में पिपराव पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस टीम ने शादी एवं बेहतर जीवन का झांसा देकर अगवा की गई नाबालिग किशोरी को सुरक्षित बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
शादी का झांसा देकर किया अपहरण:- माह अप्रैल के प्रथम सप्ताह में चौकी पिपराव, थाना रामपुर नैकिन क्षेत्र से एक नाबालिग किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने किशोरी को शादी एवं सुनहरे भविष्य का प्रलोभन देकर अपने झांसे में लिया और बहला-फुसलाकर उसका अपहरण कर लिया। घटना के पश्चात आरोपी किशोरी को लेकर राज्य की सीमाएं पार कर महाराष्ट्र भाग गया।
पुणे (महाराष्ट्र) में सफल रेस्क्यू ऑपरेशन:- मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर लोकेशन पुणे (महाराष्ट्र) में प्राप्त की गई। चौकी प्रभारी पिपराव उनि. शेषमणि मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के लिए रवाना होकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। सफल कार्रवाई के दौरान नाबालिग किशोरी को सुरक्षित दस्तयाब किया गया एवं आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर सीधी लाया गया, जहाँ उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका:- लगभग 1400 किलोमीटर दूर जाकर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देने में चौकी प्रभारी पिपराव उनि. शेषमणि मिश्रा एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक का वक्तव्य,
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी ने कहा—
“गुमशुदा बालक-बालिकाओं की शीघ्र खोज एवं सुरक्षित वापसी हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ‘अभियान मुस्कान’ के तहत पुलिस टीमों को विशेष रूप से सक्रिय किया गया है। इस प्रकरण में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई कर नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया गया, जो टीम की प्रतिबद्धता और पेशेवर दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
