सेमरिया पुलिस की सराहनीय कार्यवाही,
‘अभियान मुस्कान’ के तहत अंकलेश्वर (गुजरात) से नाबालिग बालिका सुरक्षित बरामद,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। गुमशुदा बच्चों की शीघ्र बरामदगी हेतु पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ‘अभियान मुस्कान’ के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में थाना सेमरिया पुलिस द्वारा सराहनीय कार्यवाही की गई है। पुलिस टीम ने प्रकरण दर्ज होने के पश्चात त्वरित कार्रवाई करते हुए परंपरागत पुलिस साक्ष्यों एवं स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर लगभग 1250 किलोमीटर दूर अंकलेश्वर (गुजरात) से अपहृत नाबालिग बालिका को सुरक्षित दस्तयाब करने में सफलता प्राप्त की है।
सटीक योजना एवं सफल रेस्क्यू;-
थाना प्रभारी सेमरिया उनि. केदार परौहा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सुनियोजित रणनीति के तहत अंकलेश्वर (गुजरात) पहुँचकर स्थानीय सहयोग एवं सतत प्रयासों से अपहृत बालिका का पता लगाया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत बालिका को सुरक्षित सीधी लाया गया, जहाँ उसे उसके परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है।
पुलिस टीम की उल्लेखनीय भूमिका:-
सीधी से अंकलेश्वर तक के इस चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देने में थाना प्रभारी उनि. केदार परौहा, सउनि भूपेंद्र सिंह बागरी, प्रधान आरक्षक रामचरण, आरक्षक विनीत सिंह बघेल एवं महिला आरक्षक चेतना सिंह की विशेष एवं सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक का वक्तव्य,
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी ने कहा—
“गुमशुदा बच्चों की सुरक्षित बरामदगी हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ‘अभियान मुस्कान’ के तहत पुलिस टीमों को विशेष रूप से सक्रिय किया गया है। सेमरिया पुलिस द्वारा दूरस्थ राज्य में जाकर की गई यह कार्यवाही उनकी तत्परता, समर्पण एवं पेशेवर दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण है।”
