नेबूहा, बरमानी, कपुरी कोठार व डोल में 18 अप्रैल को लगेगा स्वास्थ्य शिविर,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। जारी आदेशानुसार दिनांक 18 अप्रैल 2026 को विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक स्वास्थ्य परीक्षण कैंप आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत धौहनी विधानसभा के ग्राम पंचायत नेबूहा, सीधी विधानसभा के ग्राम पंचायत बरमानी, चुरहट विधानसभा के ग्राम पंचायत कपुरी कोठार तथा सिहावल विधानसभा के ग्राम पंचायत डोल में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों का आयोजन ग्राम पंचायत भवन, सामुदायिक भवन अथवा अन्य उपलब्ध शासकीय भवनों में किया जाएगा। शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु ग्राम पंचायतों में मुनादी कराई जाएगी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी इसकी जानकारी दी जाएगी। प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान अपने साथ आधार कार्ड एवं समग्र आईडी अवश्य लेकर आएं। साथ ही पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य भी शिविर में यथासंभव किया जाएगा। यह पहल दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने एवं उन्हें शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

