ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 19 अप्रैल को, परीक्षा केंद्र निर्धारित,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित शासकीय ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा रही है। इस संबंध में सीधी जिले के लिए जिला मुख्यालय स्थित शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सीधी को परीक्षा केंद्र निर्धारित किया गया है। प्रवेश परीक्षा में अनुसूचित जाति वर्ग के कुल 99 छात्र-छात्राएं सम्मिलित होंगे। परीक्षा का आयोजन दिनांक 19 अप्रैल 2026 को प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित तिथि को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 30 मिनट पूर्व अपने प्रवेश पत्र के साथ परीक्षा केंद्र पर अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। विद्यार्थी अपने प्रवेश पत्र 9 अप्रैल 2026 से संबंधित वेबसाइट के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं।
