एक भारत श्रेष्ठ भारत अंतर्गत सीधी के विद्यार्थियों ने जाना नागालैंड की संस्कृति,
उपनी और खजुरी के छात्रों ने हवाई जहाज से किया शैक्षणिक भ्रमण,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के अंतर्गत मध्यप्रदेश राज्य की जोड़ी मणिपुर एवं नागालैंड के साथ बनाई गई है। इस योजना का उद्देश्य विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक, भाषाई, खान-पान, भौगोलिक एवं सामाजिक विशेषताओं का आदान-प्रदान कर राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करना है। इसी क्रम में जिले के विद्यालयों में विद्यार्थियों को मणिपुर एवं नागालैंड की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं एवं जीवनशैली से परिचित कराने हेतु विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं। भाषण, नृत्य, नाटक, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में जागरूकता विकसित की गई। एपीसी रमसा डॉ. सुजीत कुमार मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उपनी के छात्र मुकेश कोरी एवं मॉडल स्कूल खजुरी की छात्रा अंकिता तिवारी का चयन नागालैंड राज्य के शैक्षणिक भ्रमण हेतु किया गया। दोनों विद्यार्थी 20 से 24 अप्रैल तक भोपाल से हवाई मार्ग द्वारा नागालैंड की यात्रा पर गए। भ्रमण से लौटे विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वहां की जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक परिधान, लोकनृत्य एवं खान-पान अत्यंत आकर्षक एवं विशिष्ट हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों के रहन-सहन, प्राकृतिक सौंदर्य एवं आपसी सौहार्द की सराहना की। भ्रमण दल के साथ मार्गदर्शन हेतु उपनी विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती कृष्णा मिश्रा एवं अमरवाह हायर सेकंडरी के शिक्षक श्री हेमांगद शुक्ल शामिल रहे। इस दौरान मार्गदर्शी शिक्षक श्रीमती कृष्णा मिश्रा ने कहा कि “ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक सम्मान और व्यापक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।” जिला शिक्षा अधिकारी श्री पवन कुमार सिंह एवं एडीपीसी ओशो उत्सव ने दोनों विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।
