जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत उमरिया में नाले पर बोरी बंधान एवं सफाई अभियान,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। राज्य शासन के “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत जिले में जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में कुसमी विकासखंड के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र उमरिया में सराहनीय पहल की गई। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरिया के समीप बह रहे नाले में बीआरसीसी कुसमी श्री अंगिरा प्रसाद द्विवेदी के नेतृत्व में बोरी बंधान एवं सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में प्राचार्य उमरिया, प्राचार्य बहेराडोल एवं स्थानीय शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अभियान के दौरान नाले में बोरी बंधान कर जल संरक्षण का प्रयास किया गया, साथ ही आसपास की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। इस पहल के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास किया गया। यह गतिविधि जल संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो स्थानीय स्तर पर जनसहभागिता को प्रोत्साहित करती है।

